आरंग में 15 दिसंबर को निकलेगी विशाल सतनाम शोभायात्रा-तैयारियों को लेकर सतनाम भवन में हुआ मंथन-आयोजन को भव्य व ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प
आरंग। आगामी 15 दिसंबर 2026 को नगर में निकलने वाली विशाल सतनाम शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर सतनाम भवन में सतनामी समाज विकासखंड आरंग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। विकासखंड अध्यक्ष यशवंत टंडन की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में शोभायात्रा को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान शोभायात्रा के मार्ग, रूपरेखा, विभिन्न व्यवस्थाओं और समाज के हर वर्ग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों और समाजजनों ने आयोजन की सफलता के लिए आपसी समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।बैठक को संबोधित करते हुए विकासखंड अध्यक्ष यशवंत टंडन ने कहा कि सतनाम शोभायात्रा केवल एक धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की गौरवशाली परंपरा, गुरुजनों के आदर्शों और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, इतिहास और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।उन्होंने क्षेत्र के सभी सामाजिक बंधुओं, माताओं-बहनों, युवाओं और वरिष्ठजनों से 15 दिसंबर की शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की। बैठक के अंत में उपस्थित सभी समाजजनों ने शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया।
विनोद गुप्ता-आरंग





