बेखौफ खनन माफिया-कुम्हारी रेत घाट पर अवैध कब्जा…?-प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
आरंग। विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुम्हारी स्थित रेत घाट पर खनन माफियाओं ने अवैध कब्जा जमा लिया है। यहाँ नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर खनिज का अवैध दोहन किया जा रहा है। मीडिया में कई बार प्रमुखता से खबरें प्रकाशित होने के बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कई गंभीर संदेहों को जन्म दे रहा है।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुम्हारी रेत घाट पर माफिया बिना वैध रॉयल्टी के दिन-रात मशीनों के माध्यम से महानदी का सीना छलनी कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि प्रतिदिन लगभग 500 हाइवा का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है इससे आप अनुमान लगा सकते है कि प्रतिदिन कितने राजस्व का नुकसान हो रहा है।रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन का यह पूरा खेल पुरानी रेत खदान के लिए जारी की गई रॉयल्टी की आड़ में खेला जा रहा है, जो कि पूरी तरह से अवैधानिक है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि ‘सैया भये कोतवाल तो डर काहे का’ की तर्ज पर पूरा अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। बताया जा रहा है कि खनिज और राजस्व विभाग में रेत माफियाओं की गहरी पैठ और ऊँची पहुंच के चलते किसी भी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होती। प्रशासन की इसी अनदेखी और चुप्पी के कारण रेत माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे बेखौफ होकर प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुँचा रहे हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग





