ग्रामीण प्रतिभा को मिला मंत्री का संबल-नेशनल कबड्डी के लिए चयनित साक्षी साहू की तैयारी का खर्च उठाएंगे गुरु खुशवंत साहेब
आरंग। ग्राम नारा की होनहार कबड्डी खिलाड़ी साक्षी साहू ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा के दम पर स्कूल गेम्स के अंतर्गत आयोजित होने वाली नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में स्थान पक्का कर क्षेत्र और प्रदेश का मान बढ़ाया है। साक्षी की इस बड़ी उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने उनसे मुलाकात कर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।मुलाकात के दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि डुमेन साहू के विशेष आग्रह पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने संवेदनशील पहल करते हुए साक्षी साहू की डाइट (पौष्टिक आहार) और खेल से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए आर्थिक सहयोग करने की घोषणा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारी में आर्थिक तंगी बाधा नहीं बनेगी और वे स्वयं इसकी जिम्मेदारी उठाएंगे।इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा, “खिलाड़ियों को मेडल जीतने के बाद सम्मानित करना तो आम बात है, लेकिन जब कोई खिलाड़ी अपने लक्ष्य को पाने के लिए मैदान में संघर्ष कर रहा होता है, उस समय उसे संबल देना और आगे बढ़ाना सबसे अधिक आवश्यक होता है। प्रतिभा को पहचानना और संघर्ष के दौर में उसका साथ देना ही सच्ची खेल सेवा है।”
मंत्री की इस पहल की क्षेत्र भर में सराहना हो रही है, जिसे ग्रामीण अंचल की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक माना जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वतन तथा खिलाड़ी आकाश चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग





