सेवा बस्तियों में प्रज्ज्वलित हुई संस्कार की ज्योति-मजदूर नगर में ‘सरस्वती संस्कार केंद्र’ का शुभारंभ-विद्या भारती छत्तीसगढ़ के संगठन मंत्री डॉ. देवनारायण साहू ने विधिवत किया उद्घाटन
बिरगांव (रायपुर)।विद्या भारती की ‘संस्कार केंद्र विस्तार योजना’ के तहत मजदूर नगर, बिरगांव की सेवा बस्ती में ‘सरस्वती संस्कार केंद्र’ का शुभारंभ श्रद्धा, सादगी और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्या भारती छत्तीसगढ़ के संगठन मंत्री डॉ. देवनारायण साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर केंद्र का उद्घाटन किया। समारोह की अध्यक्षता नगर के वरिष्ठ नागरिक डॉ. एच. पी. जांगड़े ने की।
संस्कार ही समाज और संगठन की वास्तविक शक्ति: डॉ. साहू
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. देवनारायण साहू ने कहा, “संस्कार केंद्र केवल अध्ययन का स्थल नहीं, बल्कि बच्चों में राष्ट्रभक्ति, नैतिकता और सनातन भारतीय संस्कृति के जीवन-मूल्य गढ़ने की कार्यशाला है। संस्कार ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं और समाज के प्रत्येक बच्चे तक इन सद्गुणों को पहुंचाना विद्या भारती का मूल ध्येय है।”
प्रदेश भर में खुलेंगे 750 संस्कार केंद्र: चंद्र कुमार डडसेना
संस्कार केंद्र योजना की पृष्ठभूमि और रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रांत प्रमुख चंद्र कुमार डडसेना ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शिक्षा और सुसंस्कार की अलख जगाना हमारी प्राथमिक सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने घोषणा की कि विद्या भारती द्वारा आने वाले समय में संपूर्ण छत्तीसगढ़ में 750 संस्कार केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
मातृशक्ति व गणमान्य नागरिकों की रही व्यापक सहभागिता
समारोह में सह प्रांत प्रमुख मानिक लाल साहू, विभाग एवं जिला समन्वयक मुकेश साहू, संयोजक दिनेश साहू, प्रधानाचार्य राधा जगताप, बलराम देवांगन, वीरेंद्र साहू, अनिल साहू एवं राम अवतार साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय मातृशक्ति, आचार्य दीदियां, अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं बस्ती के बालक-बालिकाएं सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा नन्हे-मुन्ने बच्चों को स्नेहपूर्वक प्रसाद एवं मिष्ठान वितरित किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग




