05 नवम्बर को रायपुर में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह पर राज्य स्तरीय समारोह-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर।फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (नई दिल्ली) और छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल (रायपुर) के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के उपलक्ष्य में एक दिवसीय राज्य स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन 5 नवंबर 2026 को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगा।
स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों के योगदान और आधुनिक चुनौतियों पर होगा मंथन
इस राज्य स्तरीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों के अमूल्य योगदान को रेखांकित करना, दवाओं के उचित व सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना तथा फार्मास्युटिकल शिक्षा, शोध और व्यवहार में समसामयिक मुद्दों व आधुनिक विकास पर विचार-विमर्श करना है।
मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री करेंगे शिरकत
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (नई दिल्ली) के अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल तथा उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होकर मार्गदर्शन देंगे।
परिषद के पदाधिकारियों ने दी उपस्थिति की अपील
छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष राहुल तिवारी और रजिस्ट्रार अश्वनी गुर्देकर सहित कार्यकारिणी व मनोनीत सदस्यों— विजय परख, डॉ. चंचल दीप कौर, निकेश देवांगन, डॉ. आनंद महालवार, हितानंद अग्रवाल, संदीप बजाज, भगत राम शर्मा, परमानंद पटेल, मोहम्मद हाशिम खान, डॉ. एन. आर. बैक, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. विनोद वर्मा एवं संजय नेताम ने सभी फार्मासिस्टों व गणमान्य नागरिकों को इस गरिमामय आयोजन में सम्मिलित होने का सादर आग्रह किया है।
विनोद गुप्ता-आरंग



