राज्य स्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता की धूम-सुआ, करमा और पंथी की धुनों पर झूमे दर्शक-मंच से मिली विकास कार्यों की सौगात
आरंग। आरंग विधानसभा के ग्राम पंचायत जरोद स्थित धान मंडी मैदान में शनिवार रात राज्य स्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। शरद पूर्णिमा के अवसर पर चांदनी रात में आयोजित इस सांस्कृतिक महाकुंभ में छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से आए प्रतिभावान कलाकारों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। कलाकारों ने सुआ, करमा, पंथी और ददरिया जैसी पारंपरिक लोकविधाओं की मोहक प्रस्तुति देकर लगभग 5,000 से अधिक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन ने नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और वैभवशाली परंपरा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरंग विधायक व कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अहिवारा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भानसोज साहू समाज के परिक्षेत्र अध्यक्ष गोविंद साहू ने विधायक प्रतिनिधि के रूप में दायित्व निभाया।कार्यक्रम के दौरान सरपंच एवं ग्रामीणों ने जरोद में पेयजल संकट के समाधान हेतु पानी टंकी निर्माण, प्रमुख मार्गों पर सीसी रोड और प्रकाश व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट) की मांग रखी। गोविंद साहू ने तत्काल कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से दूरभाष पर चर्चा की और मंच से ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मंत्री ने सभी मांगों को स्वीकार कर लिया है तथा संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जायेंगे।प्रतियोगिता में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर, आरंग जनपद सभापति संजय चेलक एवं सोसायटी अध्यक्ष संतोष चंद्राकर शामिल हुए।इस अवसर पर ग्राम सरपंच लहरी, पूर्व सरपंच प्रेम साहू, दाऊ सिंटू चंद्राकर, पूर्व सरपंच अश्वनी साहू, उप सरपंच खिलावन साहू, भाजपा नेता भीषम साहू, युवा मोर्चा के राहुल साहू, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य तथा आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण देर रात तक मौजूद रहे। कला और संस्कृति के इस अनूठे संगम ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का संचार किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



