दशहरा-आरंग थाने में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन-क्षेत्र में सुख-शांति व समृद्धि की कामना
आरंग।बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व ‘विजयादशमी’ आरंग नगर में हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर आरंग थाना परिसर स्थित शस्त्रागार में पारंपरिक रूप से अस्त्र-शस्त्रों की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में आयोजित इस पूजन कार्यक्रम में आचार्य पंडित सुदीप शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्रागार में रखे सभी हथियारों का शुद्धिकरण कर तिलक व पुष्प अर्पित करवाकर विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस दौरान थाने के समस्त पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे और सभी ने मिलकर नगर व क्षेत्र की सुरक्षा, सुख-शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की।थाना प्रभारी नरेश साहू ने बताया कि विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। राजा-महाराजाओं के दौर से शुरू हुई यह प्रथा आज भी भारतीय सेना, सुरक्षा बलों और पुलिस महकमे में पूरी निष्ठा से निभाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन शस्त्रों की पूजा करने से शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है और समाज की रक्षा करने का आत्मबल मिलता है।विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में नगर के हाई स्कूल मैदान में बुराई के प्रतीक रावण के पुतले के दहन की तैयारी पूरी कर ली गई है। शाम को भव्य आतिशबाजी के बीच रावण दहन कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग



