अभिभावकों के सहयोग से ही गढ़ा जा सकता है बच्चों का स्वर्णिम भविष्य-सरस्वती शिशु मंदिर में सम्पन्न हुआ अभिभावक गोष्ठी
मंदिर हसौद।सरस्वती शिशु मंदिर मंदिर हसौद में एक भव्य अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नवीन शर्मा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस गोष्ठी में अभिभावकों ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिसमें विशेष रूप से माताओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस गोष्ठी में कुल 222 अभिभावक शामिल हुए, जिनमें 146 माताएँ और 76 पिता उपस्थित रहे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यालय के त्रैमासिक परीक्षा परिणाम की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की गई। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई, उनकी शैक्षणिक प्रगति और सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें अभिभावकों ने भी अपने बहुमूल्य विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नवीन शर्मा ने कहा कि विद्यालय की दीदियों द्वारा बच्चों को दी जाने वाली शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि अभिभावकों को भी विद्यालय में सिखाई जा रही अच्छी आदतों, शिक्षा और संस्कारों का नियमित अभ्यास घर पर कराना चाहिए। जब विद्यालय और अभिभावक मिलकर बच्चों की शिक्षा व संस्कारों पर संयुक्त रूप से ध्यान देंगे, तो बच्चों में सकारात्मक बदलाव साफ दिखाई देगा और वे निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होंगे। उन्होंने विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मजबूत निर्माण किया जा सके।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती लता साहू ने उपस्थित सभी अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और बच्चों के भविष्य को संवारने में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
विनोद गुप्ता-आरंग



