श्मशान घाट में असामाजिक तत्वों के जमावड़े से ग्रामीणों में आक्रोश-पुलिस कार्रवाई के बाद भी आरोपी फरार
आरंग। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम टेकारी में असामाजिक तत्वों की संदिग्ध गतिविधियों के चलते ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस द्वारा समय-समय पर की जाने वाली कार्रवाई के बावजूद इन तत्वों के हौसले बुलंद हैं, और उन पर कानून का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला बीते गुरुवार शाम का है, जब ग्राम के श्मशानघाट परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा देखा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम ढलते ही ग्राम के श्मशानघाट में स्थानीय तीन असामाजिक तत्व एक युवती और 8-10 अन्य युवकों के साथ एकत्र हुए थे। इस दौरान श्मशानघाट की चारदीवारी के तार को अनाधिकृत रूप से खोलकर अंदर एक सफेद कार भी खड़ी की गई थी।ग्राम प्रमुखों को जब इसकी सूचना मिली, तो स्थिति की पुष्टि करने के लिए ग्रामीण सभा अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा, पूर्व ग्रामीण सभा अध्यक्ष हुलास राम वर्मा और पूर्व सरपंच नंद कुमार यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां एक लड़की के साथ कई युवकों और कार की मौजूदगी को सही पाया। जैसे ही ग्रामीण इस अवैध जमावड़े की घेराबंदी के लिए अन्य ग्रामीणों को बुलाने की तैयारी कर रहे थे, भनक लगते ही कुछ युवक कार में बैठकर तो कुछ पैदल ही मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इस गिरोह में पुलिस रिकॉर्डधारी प्रेम उर्फ अगेश्वर भी शामिल था, जो युवती को दोपहिया वाहन में बैठाकर भगा ले गया।गौरतलब है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की सक्रियता कोई नई बात नहीं है। कुछ समय पूर्व ही स्थानीय एक असामाजिक तत्व की चुनौती को स्वीकार करते हुए गोढ़ी के असामाजिक तत्वों का एक गुट रात के समय टेकारी पहुंचा था, जिसके बाद दोनों गुटों के बीच खूनी संघर्ष और तलवारबाजी की घटना सामने आई थी। उस दौरान मंदिर हसौद थाने में गोढ़ी गुट के तत्वों के खिलाफ प्राण घातक हमले का मामला दर्ज कर गिरफ्तारियां भी की गई थीं। वहीं, वर्तमान में टेकारी के इन असामाजिक तत्वों को कथित तौर पर पिपरहट्ठा गुट से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।घटना की गंभीरता को देखते हुए किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने पूरी जानकारी तत्काल थाना प्रभारी आशीष यादव को दे दी है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है, हालांकि लिप्त स्थानीय आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ग्राम पंचायत को भी दे दी गई है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा ग्राम में इन असामाजिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने, लिप्त तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है। साथ ही, जल्द ही ग्रामीण सभा की एक विशेष बैठक बुलाकर इन तत्वों के खिलाफ सीधी और निर्णायक कार्रवाई की योजना बनाने की मांग की जा रही है।
विनोद गुप्ता-आरंग



