आरंग में कल होगा ‘कौशल विकास यात्रा-2026’ का भव्य समापन-AI लिटरेसी और आधुनिक शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर
आरंग।डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय एवं एइसेक्ट (AISECT) के संयुक्त तत्वावधान में देश भर में चलाई जा रही ‘कौशल विकास यात्रा-2026’ का राज्य-स्तरीय औपचारिक समापन कल, 10 अक्टूबर 2026 को आरंग के शासकीय आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में संपन्न होगा। “समर्थ भारत-सक्षम भारत” थीम पर आधारित यह यात्रा देश के 20 राज्यों और 300 जिलों में युवाओं और विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।इसका समापन छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री माननीय गुरु खुशवंत साहेब करेंगे। इस अवसर पर आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन उपाध्यक्ष एवं समस्त पार्षदगण भी विशेष रूप से उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं द्वारा बताया जाएगा कि इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। ‘AISECT AI Literacy Mission’ के तहत छात्रों को AI की मूल अवधारणाओं, दैनिक जीवन व शिक्षा में इसके व्यावहारिक उपयोग तथा भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
इस पहल से विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए एक मजबूत मंच मिल रहा है।
विनोद गुप्ता-आरंग



