आरंग जनपद पंचायत की सामान्य सभा में गूंजे शिक्षा, स्वास्थ्य और अवैध शराब के मुद्दे-घटिया दलिया वितरण की जांच के निर्देश
आरंग। जनपद पंचायत आरंग की सामान्य सभा की बैठक 08 अक्टूबर 2026 को जनपद अध्यक्ष श्रीमती टाकेश्वरी मुरली साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद उपाध्यक्ष रविन्द्र रिंकू चंद्राकर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) राजेंद्र पांडे सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनपद सदस्यों ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और विभागीय अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए।बैठक में पीएचई, कृषि, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, शिक्षा, आबकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने अपनी विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी सदन के पटल पर रखी। सदन में चर्चा के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बांटे जा रहे निम्न स्तर के दलिया वितरण का मुद्दा उठाया। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जांच प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।स्वास्थ्य विभाग की चर्चा में भाग लेते हुए सदस्यों ने ग्राम राखी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में व्याप्त अनियमितताओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने निर्देश दिए कि स्कूली बच्चों को बिना किसी देरी के तत्काल पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। ग्राम कोटराभांठा स्कूल में चल रही अनियमितताओं में तत्काल सुधार करने को कहा गया। साथ ही, एक बड़ा फैसला लेते हुए वर्तमान में पदस्थ संकुल समन्वयकों को हटाकर उनके स्थान पर नवीन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए।क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर सदस्यों ने सख्त रुख अपनाया। बैठक में मौजूद आबकारी विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से लगाम लगाएं।बैठक में सभी संबंधित विभागों को दिए गए निर्देशों पर त्वरित अमल करने और अगली बैठक में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की अपेक्षा की गई है।
विनोद गुप्ता-आरंग



