आरंग में 27 सितंबर को ‘उल्लास’ महापरीक्षा का भव्य आयोजन-06 हजार से अधिक नवसाक्षर लिखेंगे अपनी तरक्की की नई इबारत..
आरंग।आरंग विकासखंड में राष्ट्रव्यापी ‘उल्लास’ नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आगामी 27 सितंबर (रविवार) को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन महापरीक्षा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आरंग विकासखंड में इस महापरीक्षा को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है, जहाँ 6,000 से अधिक प्रौढ़ व युवा नवसाक्षर साक्षरता की इस परीक्षा में शामिल होकर बुनियादी शिक्षा का प्रमाण हासिल करेंगे और 2027 तक पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना योगदान देंगे।परीक्षा के सफल, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने संकुल समन्वयकों एवं सभी प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शालाओं के प्रधानपाठकों की विशेष बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षरों के बैठने, पेयजल और प्रकाश की समुचित व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन ने कहा कि 2027 तक पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य है और इस पुनीत कार्य में सभी का सहयोग अपेक्षित है ताकि कोई असाक्षर छूटने न पाये। साक्षरता नोडल अलंकार परिहार एवं डोमार वर्मा ने प्रश्नपत्र वितरण एवं तकनीकी जानकारी साझा की।विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने शिक्षकों और प्रधानपाठकों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि साक्षरता किसी भी समाज की प्रगति की रीढ़ है और ‘उल्लास’ योजना के तहत कोई भी असाक्षर छूटे न, यही हमारा मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानपाठक और शिक्षक अपने क्षेत्रों में लगातार संपर्क कर पंजीकृत सभी 6,000 से अधिक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाना सुनिश्चित करें, ताकि आरंग विकासखंड साक्षरता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर सके। 27 सितंबर को होने वाली इस महापरीक्षा को सफल बनाने के लिए मैदानी स्तर पर ग्राम प्रभारी, नोडल अधिकारी, संकुल समन्वयक और शिक्षक गाँव-गाँव में मुनादी व घर-घर संपर्क अभियान चलाकर अंतिम तैयारियों को मूर्त रूप दे रहे हैं। इस मूल्यांकन में बुनियादी पठन, लेखन और सरल अंकगणित के ज्ञान का आकलन किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए नवसाक्षर पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया में प्राचार्य संध्या रानी बारीक, साक्षरता दूत महेंद्र पटेल व अरविंद वैष्णव, तथा संकुल समन्वयक ओंकार वर्मा, प्रफुल्ल मांझी, अभिषेक तिवारी और संतोष सोनी सहित कई शिक्षाकर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही है।
विनोद गुप्ता-आरंग



