महानदी में उफान-गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खुले, 02 लाख क्यूसेक से अधिक पानी महानदी में छोड़ा गया-तटवर्ती इलाकों में हाई अलर्ट
आरंग। 25 सितंबर 2026 — कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते धमतरी स्थित गंगरेल बांध अपनी पूरी क्षमता तक भर गया है। बांध में जलभराव 100 प्रतिशत होने और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इसके सभी 14 रेडियल गेट खोल दिए गए हैं। सभी गेट खुलने के बाद वर्तमान में बांध से महानदी में करीब 2 लाख 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने बताया कि भारी मात्रा में पानी की लगातार हो रही निकासी को देखते हुए महानदी के तटवर्ती इलाकों और आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों और किसानों को नदी के करीब न जाने की सख्त चेतावनी दी है। इसके साथ ही, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
निसदा और समोदा डेम के भी खुले गेट
जल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के तहत क्षेत्र के अन्य जल स्त्रोतों से भी पानी छोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में निसदा तथा समोदा डेम के भी सभी गेट खोल दिए गए हैं, जिससे अतिरिक्त पानी की सुचारू निकासी की जा सके।
जल संसाधन विभाग के आंकड़े
जल संसाधन विभाग से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आज सुबह 8 बजे गंगरेल बांध में 64,117 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई थी। उस समय बांध के 10 गेटों के माध्यम से कुल 54,950 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही थी। इसमें से रुद्री बैराज के रास्ते 6 हजार क्यूसेक पानी कृषि नहरों में तथा 48,950 क्यूसेक पानी सीधे महानदी में प्रवाहित किया जा रहा था, जिसके बाद दबाव को देखते हुए सभी 14 गेटों को पूरी तरह खोलना पड़ा।
विनोद गुप्ता-आरंग



