सेवा संकल्प अभियान-आरंग में बांटे गए दीप-17 सितंबर की शाम 07 बजे आशीर्वाद का दिया जलाने की अपील
आरंग। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज आरंग नगर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नागरिकों और व्यापारियों को दीपों का वितरण किया तथा आगामी 17 सितंबर को शाम ठीक 7:00 बजे अपने-अपने घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित करने का विशेष आग्रह किया।अभियान के तहत नगर भ्रमण कर कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण, सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे दीप जलाकर हर नागरिक इस महाअभियान का हिस्सा बने और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दे।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष व राज्यमंत्री दर्जा ध्रुव कुमार मिर्धा, नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता गणेश साहू, कृष्ण कुमार भारद्वाज, मंडल महामंत्री द्वय अशोक चंद्राकर व राकेश सोनकर तथा भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष वेद प्रकाश देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से नगरवासियों से इस पुनीत संकल्प में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
विनोद गुप्ता-आरंग



