आरंग में 25 सितंबर को निकलेगी विसर्जन झांकी-थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न
आरंग। गणेश चतुर्थी के मद्देनजर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से आरंग थाना परिसर में पुलिस प्रशासन द्वारा गणेश उत्सव समितियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, ध्वनि प्रदूषण तथा विसर्जन जुलूस को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में गणेश विसर्जन झांकियों के मार्ग को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी। चर्चा के बाद नगर में विसर्जन झांकियों को गायत्री मंदिर के सामने से मोड़ने पर सहमति व्यक्त की गई। पुलिस प्रशासन ने सभी गणेशोत्सव समितियों से शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने तथा विसर्जन जुलूस को अनुशासित तरीके से निकालने की अपील की।
हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि गणेश उत्सव की आड़ में हुड़दंग करने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। प्रतिबंधित हथियारों को लेकर भी पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। कड़े, चाकू जैसे प्रतिबंधित हथियारों के प्रदर्शन अथवा उनके साथ जुलूस में शामिल होने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। बैठक में थाना क्षेत्र के गावों से आए प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों को त्योहार के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
डीजे-धुमाल संचालकों की होगी बैठक
ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारी नरेश साहू ने कहा कि धुमाल और डीजे संचालकों की अलग से बैठक आयोजित कर उन्हें न्यायालय एवं शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों की गैरमौजूदगी भी रही चर्चा का विषय
बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। गणेश उत्सव और विसर्जन जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में पुलिस प्रशासन के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। ऐसे में अनुविभागीय अधिकारी तहसीलदार एवं नगर पालिका के अधिकारियों के बैठक में उपस्थित नहीं रहने को लेकर मौजूद लोगों के बीच चर्चा होती रही।बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, उपाध्यक्ष हिरामन कोसले, पार्षदगण पुष्कर साहू, समीर गोरी, खिलावन निषाद शरद जीतू गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि विक्रम परमार, मंगल मूर्ति अग्रवाल सहित व्यापारी संघ के पदाधिकारी, विभिन्न गणेशोत्सव समितियों के प्रतिनिधि, नरियरा, पारागांव, खमतराई सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिनिधि नगर पालिका तथा आरंग थाना के कर्मचारी उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



