आरंग में राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेल त्यौहार’ के छठवें सीजन का भव्य आयोजन-खिलाड़ियों ने दिखाया दम
आरंग।आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा प्रतिवर्षानुसार 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में ‘खेल त्यौहार-छठवां सीजन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष अमन साहू तथा व्यायाम शिक्षक जय शंख एवं विजय साहू द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में रग्बी, कबड्डी, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, हैंडबॉल, बैडमिंटन और क्रिकेट जैसे खेलों को शामिल किया गया, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया।प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी पुरुष वर्ग में आरंग की टीम प्रथम व बोरिद द्वितीय रही, वहीं महिला वर्ग में आरंग ‘ए’ ने प्रथम और आरंग ‘बी’ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रग्बी बालक वर्ग में आरंग ‘ए’ विजेता और आरंग ‘बी’ उपविजेता बनी, जबकि रोमांचक क्रिकेट मैच में आरंग रेड ने खिताबी जीत दर्ज की और आरंग ब्लू उपविजेता रही। टेबल टेनिस में नागेश साहू ने पहला और मेहुल बंछोर ने दूसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन पुरुष युगल में अतुल चंद्राकर व गौरव चंद्राकर की जोड़ी प्रथम और अक्षत गुप्ता व विनय अग्रवाल की जोड़ी द्वितीय रही। बैडमिंटन महिला युगल में युक्ति चंद्राकर व तेजल साहू ने प्रथम तथा चहक चंद्राकर व षष्टिका साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ताइक्वांडो स्पर्धा के बालक वर्ग में समीर खान, वेदांत सोनकर, डागेश्वर साहू और भावेश साहू ने जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में रूजल देवांगन, आस्था देवांगन, अपर्णा कश्यप, प्रज्ञा कश्यप, पूजा यादव, हिमांशी साहू, भूमि श्रीवास, चांदनी, मेघा तंबोली, राशि यादव, कुमकुम यादव और दीप्ति यादव विजेता रहीं।समापन समारोह में सभी विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल तथा सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सफल आयोजन पर संगठन अध्यक्ष अमन साहू ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आरंग मार्शल आर्ट क्लब से रानी सगरवंशी, आरंग क्रिकेट क्लब से अश्वनी रात्रे, आरंग कबड्डी क्लब से रघुवीर साहनी, आरंग रग्बी फुटबॉल क्लब से हिमांशु लोधी व शोभा लोधी, और आरंग बैडमिंटन क्लब से राकेश गुप्ता सहित संगठन के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



