गंगरेल बांध से महानदी मुख्य नहर में छोड़ा गया 2500 क्यूसेक पानी
आरंग।धमतरी स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल जलाशय (गंगरेल बांध) से रविवार सुबह 10 बजे महानदी मुख्य नहर में 2500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जल प्रवाह के 57-58 मील के पास स्थित कुकरा फाल तक सोमवार को पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।बताया जाता है कि पिछले करीब दो माह से क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते खेतों में कृषि कार्य के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध है। बारिश के कारण अधिकांश खेतों में फसलों के लिए पानी की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है। यही वजह है कि इस वर्ष किसानों को गंगरेल बांध से महानदी मुख्य नहर में पानी छोड़ने की मांग करने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई।इसके बावजूद नहर में पानी छोड़े जाने से नहर तंत्र में जल प्रवाह बना रहेगा। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण फिलहाल सिंचाई के लिए नहर के पानी पर निर्भरता कम है। आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति और खेतों में पानी की उपलब्धता के आधार पर सिंचाई की आवश्यकता तय होगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



