आरंग में 3 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
आरंग। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के हालिया आरंग प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक पहल हुई है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, ध्रुव कुमार मिर्धा अध्यक्ष चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड छग शासन एवं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा औपचारिक चर्चा के दौरान आरंग रेलवे स्टेशन में प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज से हो रही दिक्कतो से अवगत कराते हुये आरंग में एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग रखी थी जिस पर डॉ. रमन सिंह ने त्वरित संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र प्रेषित किया है।डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री को भेजे अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रायपुर जिले के अंतर्गत आरंग नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की एक बड़ी आबादी है। इसके बावजूद आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र की जनता को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और विशाखापट्टनम जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा के दौरान भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इन 03 एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की की गई मांग रखी है। कोरबा–विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या: 18517 / 18518)। दुर्ग–पुरी इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या: 18426 / 18425)।हजरत निजामुद्दीन–विशाखापट्टनम समता एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या: 12807 / 12808)
विधानसभा अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से रेल मंत्रालय से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। इन ट्रेनों के ठहराव से आरंग सहित आसपास के दर्जनों गांवों के दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। डॉ. रमन सिंह की इस त्वरित पहल पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनका आभार व्यक्त किया है।
विनोद गुप्ता-आरंग



