विश्व बंधुत्व रक्तदान महा अभियान का नगर पालिका अध्यक्ष ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारम्भ-51 युवकों व बहनों ने किया रक्तदान
आरंग। ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के पावन अवसर पर ‘सेवा के 90 वर्ष’ के तहत विश्व बंधुत्व रक्तदान महा अभियान का आयोजन किया गया। इसी क्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, ॐ शांति भवन आरंग द्वारा रेड क्रॉस ब्लड बैंक, रायपुर के सहयोग से गुड़ियारी पारा आरंग में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।शिविर का उद्घाटन नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया तथा रक्त दानदाताओ को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर 51 युवकों व बहनों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प लिया।आरंग सेंटर इंचार्ज बीके लता बहन ने बताया कि विश्व बंधुत्व रक्तदान महा अभियान 21 से 25 अगस्त 2026 तक पूरे भारत एवं नेपाल में आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। शिविर में युवाओं की सहभागिता को समाजसेवा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग




