गणेश उत्सव-मूर्ति विक्रय हेतु अस्थायी दुकान उपलब्ध कराने प्रजापति समाज ने पालिका प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
आरंग।आगामी गणेश उत्सव पर्व को दृष्टिगत रखते हुए प्रजापति (कुम्हार) समाज परिक्षेत्र आरंग ने नगर पालिका प्रशासन से गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए उचित व अस्थायी स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रामसजीवन सोनवानी को विधिवत ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन सौंपते हुए समाज के पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि कुम्हार समाज के लोग वर्षों से परंपरा और पर्यावरण को ध्यान में रखकर मिट्टी की आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार कर उनका विक्रय करते आ रहे हैं। पर्व नजदीक होने के कारण मूर्तिकारों को प्रतिमाओं के सुरक्षित भंडारण और विक्रय के लिए उपयुक्त स्थल की तत्काल आवश्यकता है।
यातायात व्यवस्था रहेगी सुगम
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि नगर पालिका क्षेत्र में सुव्यवस्थित अस्थायी दुकानें या स्थान आवंटित कर दिया जाता है, तो मूर्ति विक्रय का कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न होगा। इससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी और आम नागरिकों व खरीदारों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ये रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रजापति (कुम्हार) समाज परिक्षेत्र आरंग के अध्यक्ष राहुल प्रजापति, उपाध्यक्ष पूनम प्रजापति, सचिव रमाकांत प्रजापति, कोषाध्यक्ष देवकुमार प्रजापति और लेखापाल भूपेंद्र प्रजापति प्रमुख रूप से शामिल थे। इनके साथ ही सदस्य मुकेश प्रजापति, मदन प्रजापति, गोपाल प्रजापति, मगन प्रजापति, देवकरण प्रजापति, लखन प्रजापति, आमप्रकाश प्रजापति, महेंद्र प्रजापति एवं सुरेश प्रजापति सहित समाजजन उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग




