आरंग में धूमधाम से मनी वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती-मेधावी विद्यार्थियों और समाज सेवियों का हुआ सम्मान
आरंग। अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती के अवसर पर श्री हरदेव लोधी समाज आरंग द्वारा विविध सामाजिक, धार्मिक, स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। जयंती समारोह में समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों द्वारा माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद दिनभर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लोधी समाज के केंद्रीय और प्रदेश पदाधिकारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।समाज के युवा प्रकोष्ठ एवं सहारा ब्लड बैंक रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में समाज के 32 युवाओं एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं को समाज की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश देते हुए हेलमेट एवं रेनकोट भेंट कर उनका सम्मान किया गया।इसके साथ ही लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच का लाभ लिया।समारोह के दौरान समाज के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन किया गया। ग्राम कलई में बोरवेल की सुविधा उपलब्ध कराने पर जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर का विशेष सम्मान किया गया।सम्मान से अभिभूत जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर ने मंच से समाजहित में बड़ी घोषणा करते हुए अपने जिला पंचायत क्षेत्र में सामाजिक विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।इसी क्रम में आरंग नगर पालिका के पार्षद नरेंद्र लोधी, संतोष लोधी, ईश्वर पटेल तथा ग्राम पंचायत कलई के सरपंच ओमप्रकाश लोधी को भी उनकी उत्कृष्ट जनसेवा के लिए सम्मानित किया गया।मंचीय कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में समाज के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध वक्ताओं ने सामाजिक विकास को लेकर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए एकजुटता के साथ सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन आवश्यक है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, नारी सशक्तिकरण तथा युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।वक्ताओं ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के संघर्ष, साहस और देशभक्ति को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाजहित एवं राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।इस दौरान समाज को आर्थिक एवं भौतिक रूप से सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में रायपुर लोधी समाज के पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने आरंग लोधी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज की एकजुटता और नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला आयोजन बताया।शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से होते हुए आगे बढ़ी। बस स्टैंड पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा के समापन के बाद समाज की ओर से सामाजिक भोज का आयोजन किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग




