सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल आरंग में स्वतंत्रता दिवस की रही धूम-छात्र-छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
आरंग। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व अत्यंत हर्षोल्लास व गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनोहर राव शास्त्री, विद्यालय अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, व्यवस्थापक राजेश साहू, सह-सचिव तेजराम जलक्षत्री तथा समिति सदस्य कमल नारायण देवांगन द्वारा मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व राष्ट्रीय ध्वज पूजन के साथ हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि मनोहर राव शास्त्री ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी, जिसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया।परपम्परा अनुसार भारत माता की सामूहिक आरती की गई।तदउपरांत विद्यालय परिवार द्वारा मंचासीन अतिथियों का तिलक वंदन, पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।सांस्कृतिक सत्र में भैया-बहनों ने देशभक्ति गीत, कविता, प्रेरक भाषण, लेजिम, योगचाप, तिष्ठ योग एवं भाव नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अमर बलिदानियों के त्याग को किया याद…
मुख्य अतिथि मनोहर राव शास्त्री ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि अमर सपूतों के त्याग और संघर्ष की बदौलत ही आज हमारा देश स्वतंत्र है। सह-सचिव तेजराम जलक्षत्री ने कहा कि वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान के कारण ही हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, हमें उनके आदर्शों को संजोकर रखना चाहिए।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति…
समारोह में उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, कौशल चंद्राकर, सदस्य पंकज शुक्ला, रायपुर जिला ग्रामीण संघचालक देवेंद्र ठाकुर, रामकुमार गुप्ता, कृष्ण कुमार भारद्वाज, शंकर जलक्षत्री सहित बड़ी संख्या में पालक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती सुषमा तिवारी ने किया। विद्यालय के प्राचार्य गोविंद साहू ने सभी अतिथियों व पालकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिसके पश्चात भैया-बहनों को मिष्ठान वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग




