आरंग में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारी-शिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न-बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली
आरंग। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी अड़तालीस संकुलों के समन्वयकों और शिक्षकों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अभिलाषा पैंकरा और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी अनंत के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.सागर स्वर्णकार, डॉ. नंद लाल भूआर्य, बीईटीओ गण सविता साहू एवं महेश चंद्राकर, बीपीएम दीपक मीरे ने शिक्षकों को कृमि से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी दी कि पेट में कृमि होने पर बच्चों के मुंह पर चकते उभरना, पाचन तंत्र में समस्या होना, बच्चे का सुस्त रहना और पढ़ाई में एकाग्रता की कमी जैसी परेशानियां सामने आती हैं। इन समस्याओं से बचाव के लिए 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली पीस कर पानी में चम्मच से, 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों को 400 सौ मिलीग्राम की एल्बेंडाजोल टेबलेट पानी के साथ खिलाए जाने के निर्देश दिए गए, वहीं 1 से 2 वर्ष के बच्चों को इसकी आधी गोली पिस कर पानी के साथ चम्मच में पिलाई जाएगी।शिक्षकों के सवालों का समाधान करते हुए अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि यह गोली पूरी तरह सुरक्षित है और इसे शिक्षकों को बच्चों को अपने सामने ही खिलानी होगी। गंभीर बीमारियों से ग्रसित या चिकित्सीय देखरेख वाले बच्चों को डॉक्टर की सलाह के बाद ही दवा देने को कहा गया। किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की बात कही गई। कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से पूरी प्रक्रिया का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया, ज्ञात हो कि 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवसहै मनाना है एवं वंचित बच्चों के लिए माप अप दिवस 17 अगस्त है, इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी गण उपस्थित रहे। संचालन सहयोग शिक्षक अरविंद वैष्णव एवं आभार महेश चंद्राकर ने किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



