आरंग में ‘हर घर मुनगा अभियान’ का शुभारंभ-एक ही दिन में 7 हजार से अधिक पौधों का रोपण
आरंग। पर्यावरण संरक्षण, कुपोषण मुक्ति और जनस्वास्थ्य को एक साथ जोड़ने की अनूठी पहल के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग, विकासखंड आरंग द्वारा बुधवार को वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के साथ “हर घर मुनगा अभियान-2026” का शुभारंभ नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने परियोजना कार्यालय, एकीकृत बाल विकास सेवा आरंग परिसर में मुनगा का पौधा रोपकर किया।अभियान के पहले ही दिन पूरे आरंग परियोजना क्षेत्र में 7 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसके अंतर्गत परियोजना के 250 आंगनबाड़ी केंद्रों, महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं के घरों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा कुपोषित बच्चों के परिवारों में मुनगा के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को पौष्टिक आहार, हरित पर्यावरण और बेहतर स्वास्थ्य से जोड़ना है।इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास सभापति प्रतिनिधि विक्रम परमार, वेदप्रकाश देवांगन, नरेन्द्र लल्ला साहनी एवं नागेन्द्र विश्वकर्मा, गोलू की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि “मुनगा केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण का अमूल्य उपहार है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर में एक मुनगा का पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो आने वाले वर्षों में कुपोषण जैसी समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘हर घर मुनगा अभियान’ भावी पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य देने का सशक्त माध्यम है। हमें पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें जीवित रखने का भी संकल्प लेना होगा।महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के माध्यम से मुनगा के पौधों के औषधीय एवं पोषण संबंधी महत्व के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से अधिकाधिक परिवारों तक पौष्टिक एवं उपयोगी मुनगा के पौधे पहुंचाकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
विनोद गुप्ता-आरंग



