भारी बारिश से गरीब महिला की झोपड़ी की छत गिरी, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने तत्काल सहायता के दिए निर्देश

महासमुंद, 31 जुलाई। शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण वार्ड क्रमांक 18 स्थित पीपल चौक के पास रहने वाली गरीब महिला ललिता यादव की खपरैल (कवेलू) वाली झोपड़ी की छत शुक्रवार को अचानक ढह गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्यवश सभी सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद माधुरी घनिराम, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी एवं एल्डरमेन हनीश बग्गा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने तत्काल तहसीलदार जुगल किशोर पटेल एवं पटवारी खम्मन साहू से दूरभाष पर चर्चा कर मौके का निरीक्षण, पंचनामा तैयार करने तथा शासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि ललिता यादव मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं, जबकि उनके पति अस्वस्थ होने के कारण परिवार पूरी तरह उनकी आय पर निर्भर है। ऐसे में प्रशासन संवेदनशीलता के साथ तत्काल राहत प्रदान करे।
राठी ने संबंधित भूमि का खसरा, बी-1 एवं नक्शा उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाकर स्थायी आवास उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने तहसील प्रशासन से शहर के स्लम क्षेत्रों का भी सर्वे कराने का अनुरोध किया, ताकि भारी बारिश से क्षतिग्रस्त अन्य मकानों एवं झोपड़ियों का समय पर पंचनामा तैयार कर पात्र परिवारों को शासन की राहत योजनाओं का लाभ मिल सके।
उपाध्यक्ष राठी ने शहर के सभी पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके वार्ड में भी बारिश के कारण किसी गरीब परिवार का मकान या झोपड़ी क्षतिग्रस्त हुई हो, तो राजस्व विभाग के प्रावधानों के अनुसार धारा 6(4) के तहत पंचनामा तैयार कर प्रकरण तत्काल तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करें, जिससे शीघ्र निरीक्षण एवं सहायता की कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। यही कारण है कि इस वर्ष अतिवृष्टि के बावजूद शहरी क्षेत्र में जन-धन की हानि अपेक्षाकृत कम हुई है और गरीब परिवारों को काफी राहत मिली है।
