वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व जनपद सदस्य एवं पूर्व सरपंच डॉ. सेवा राम साहू का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

महासमुंद।
महासमुंद जिले के ग्राम लाफिनखुर्द निवासी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, रायपुर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व जनपद सदस्य, ग्राम लाफिनखुर्द के पूर्व सरपंच एवं प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सेवा राम साहू का शुकवार दोपहर लगभग 12 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे महासमुंद जिले सहित रायपुर संभाग में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. सेवा राम साहू का पूरा जीवन जनसेवा, समाजसेवा और राजनीति को समर्पित रहा। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत ग्राम लाफिनखुर्द के सरपंच के रूप में की। सरपंच रहते हुए उन्होंने गांव के विकास, सड़क, पेयजल, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। इसके बाद वे जनपद सदस्य निर्वाचित हुए और क्षेत्र की जनसमस्याओं को जनपद स्तर पर मजबूती से उठाया। पंचायत और जनपद स्तर पर उनके कार्यों ने उन्हें जनता के बीच एक लोकप्रिय और भरोसेमंद जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया।
इसके बाद उन्होंने जिला स्तर की राजनीति में महत्वपूर्ण पहचान बनाई और मध्य प्रदेश शासनकाल में रायपुर जिला पंचायत के प्रथम अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त किया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका को आज भी लोग सम्मान के साथ याद करते हैं।
कांग्रेस पार्टी में भी डॉ. सेवा राम साहू का विशेष स्थान रहा। उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी के साथ कदम से कदम मिलाकर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। इसके अलावा वे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं महासमुंद के पूर्व सांसद विद्या चरण शुक्ला तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्यामा चरण शुक्ला के साथ लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी की सेवा करते रहे। पार्टी के आंदोलनों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों पर वे हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते थे। उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने का कार्य भी किया।
राजनीति के साथ-साथ डॉ. सेवा राम साहू एक कुशल और लोकप्रिय चिकित्सक भी थे। लाफिनखुर्द स्थित उनके निवास में प्रतिदिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते थे। उनकी सरलता, सहज व्यवहार और सेवा भावना के कारण लोग उन पर अटूट विश्वास करते थे। वे गरीब और जरूरतमंद मरीजों का उपचार पूरी आत्मीयता से करते थे। दूर-दराज के ग्रामीण भी विशेष रूप से उनके पास इलाज कराने आते थे और उनकी मुस्कुराहट के साथ किया गया उपचार लोगों के दिलों में आज भी बसा हुआ है।
डॉ. सेवा राम साहू का व्यक्तित्व सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला था। वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य करने में विश्वास रखते थे। कांग्रेस के समर्पित नेता होने के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और लोगों को एकता एवं भाईचारे के सूत्र में जोड़ने का कार्य करते रहे। उनका सादा जीवन, विनम्र स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी।
डॉ. सेवा राम साहू के निधन से कांग्रेस पार्टी ने अपना एक वरिष्ठ और अनुभवी नेता, पंचायत व्यवस्था ने एक दूरदर्शी जनप्रतिनिधि, चिकित्सा जगत ने एक संवेदनशील चिकित्सक तथा समाज ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है। उनके निधन से महासमुंद जिले, रायपुर संभाग और पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

