प्रस्तावित धार्मिक एवं वैदिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न…
आरंग। आगामी श्रावण मास में प्रस्तावित धार्मिक एवं वैदिक आयोजनों की तैयारियों को लेकर आज श्री चंडी माता मंदिर परिसर, आरंग में श्री परशुराम पुरोहित वैदिक संस्थान एवं सर्व सनातनी समाज, आरंग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्थान के संस्थापक पं. अविनाश शर्मा, संरक्षक पं. नरेंद्र द्विवेदी, अध्यक्ष पं. ध्रूव नारायण शुक्ला, सचिव पं. राजेश शर्मा, कोषाध्यक्ष पं. मोहित तिवारी एवं कार्यकारिणी सदस्य पं. जयप्रकाश द्विवेदी जी, पं. अंबिकेश द्विवेदी एवं पं. धर्मेंद्र तिवारी सहित सर्व सनातनी समाज, आरंग से जगमोहन सोनकर, हेमंत गुप्ता, लक्ष्मीचंद लोधी एवं रूपेश जलछत्री सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। बैठक में आगामी श्रावण मास में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का विधि-विधानपूर्वक पूजन एवं माखन से निर्मित भव्य शिवलिंग का विशेष पूजन करने का प्रस्ताव रखा गया। संस्थान के 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा रुद्राष्टाध्यायी पाठ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन संपन्न कराया जाएगा। इसके पश्चात महाआरती एवं भोग-प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा। यह संपूर्ण आयोजन नगर, समाज एवं समस्त जीव-जगत के कल्याण की मंगलकामना से संपन्न किया जाएगा। बैठक में कांवड़ यात्रा आयोजित करने पर भी चर्चा हुई, जो प्रातःकाल पंचमुखी महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर ज्ञानेश्वर महादेव मंदिर, भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं कुमारेश्वर महादेव मंदिर होते हुए श्री बागेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां विधिवत पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया जाएगा। बैठक में संस्थापक ने कहा कि परशुराम पुरोहित वैदिक संस्थान का उद्देश्य सनातन वैदिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ समाज, नगर एवं समस्त जीव-जगत के कल्याण हेतु धार्मिक एवं वैदिक अनुष्ठानों को निरंतर आगे बढ़ाना है। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाले इन दिव्य आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सनातन संस्कृति एवं वैदिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आगामी धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने एवं सनातन वैदिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन तथा जनकल्याण के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।
विनोद गुप्ता-आरंग



