आरंग में जिला स्तरीय शालेय बालिका रग्बी स्पर्धा संपन्न
आरंग।आरंग राजा मोरध्वज खेल परिसर के रग्बी फुटबॉल क्लब मैदान में जिला स्तरीय शालेय बालिका रग्बी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन के मुख्य आतिथ्य में किया गया। स्पर्धा में रायपुर जिले के चारों विकासखंडों अभनपुर, धरसीवां, आरंग और तिल्दा की प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रायपुर जिले की मजबूत रग्बी टीम का चयन करना था। इस कार्यक्रम में आरंग भाजपा मंडल अध्यक्ष देवनाथ साहू, स्वामी आत्मानंद विद्यालय आरंग के जनभागीदारी अध्यक्ष खिलेश धुरंधर, खूबचंद साहू एवं नरेन्द्र लल्ला साहनी उपस्थिति थे।अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि डॉ. संदीप जैन ने बालिका खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। चारों विकासखंडों से आईं बालिका खिलाड़ियों ने मैदान में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रायपुर जिला रग्बी टीम में अपनी जगह पक्की की। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब आगामी संभाग स्तरीय रग्बी स्पर्धा में रायपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरंग की प्राचार्या सरोजनी केरकेट्टा के संरक्षण एवं संयोजन सचिव व्यायाम शिक्षक जगदीश कुर्रे के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में व्यायाम शिक्षक फागुराम साहू, कुंदन देवांगन, जय शंख, प्रीती साहू तथा आरंग रग्बी फुटबॉल क्लब की ओर से शोभा लोधी, तुलसी सोनवानी, हिमांशू लोधी, सोमनाथ लोधी, पवन साहू और गोपी पाल सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित थे।
विनोद गुप्ता-आरंग



