राधा कृष्ण विद्या मंदिर ने मनाया अपना 38वां स्थापना दिवस-विद्यालय के इतिहास और उसके गौरव को दर्शाता हुआ एक विशेष नाटक का हुआ मंचन
आरंग। शिक्षा और संस्कारों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले अग्रणी शिक्षण संस्थान, राधा कृष्ण विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आरंग में संस्था का 38वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस गौरवशाली अवसर पर विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था, जहाँ छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बनता था।स्थापना दिवस के इस विशेष और ऐतिहासिक अवसर पर संस्था के सर्वराकार सावन शुक्ला, अध्यक्ष बृजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, सतीशचंद्र अग्रवाल, अरविंद कुमार गुप्ता और अर्पित चौधरी सहित शाला प्रबंधन समिति के सम्मानित सदस्यगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय की इस 38 वर्षों की निरंतर विकास यात्रा की सराहना की। समारोह की भव्य शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा ज्ञान की देवी माँ सरस्वती और जगत के पालनहार भगवान श्री जगन्नाथ जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुई।
इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सुमधुर आवाजों में अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। ‘बेटी हूँ मैं बेटी, तारा बनूंगी’ जैसे संवेदनशील और प्रेरणादायी विषयों पर आधारित गीतों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी संस्कृति से सराबोर पारंपरिक लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी गई।विद्यालय के इतिहास और उसके गौरव को दर्शाता हुआ एक विशेष नाटक ‘हमारी संस्था और हमारा गौरव’ मंचित किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। स्थापना दिवस के इस मंच से विद्यालय के होनहार और मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित भी किया गया। अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चुनिंदा विद्यार्थियों को ‘कक्षा के नायक और नायिका’ का दायित्व सौंपकर, बैज लगाकर सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपने विचार साझा करते हुए विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निशा श्रीवास्तव ने सभी को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “मेरा पूरा प्रयास और संकल्प है कि हमारे विद्यालय को आरंग क्षेत्र में प्रथम स्थान पर लाया जाए। पिछले 38 वर्षों से हमारा विद्यालय न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, बल्कि हम छात्रों के सर्वांगीण विकास और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत हैं। यह स्थापना दिवस हमारे शिक्षकों की कड़ी मेहनत, छात्रों के अटूट समर्पण और अभिभावकों के अटूट विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है।”प्राचार्या ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। जिसके साथ ही इस भव्य स्थापना दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर नगरवासियों और अभिभावकों ने भी विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग




