शासकीय रेल पुलिस रायपुर की बड़ी कार्यवाही
118 नग कीमती (लगभग 25 लाख रुपये) के मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को किया गया सुपुर्द

रायपुर | रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एवं ट्रेनों में यात्रा के दौरान यात्रियों के मोबाइल गुमने एवं चोरी होने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (रेल) रायपुर श्री दिव्यांग पटेल के निर्देशन में तथा उप पुलिस अधीक्षक (रेल) रायपुर श्री एस.एन. अख्तर के मार्गदर्शन में रेल इकाई रायपुर द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत साइबर सेल की सहायता से CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर शासकीय रेल पुलिस थाना रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, रायगढ़ एवं डोंगरगढ़ क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान मोबाइल धारकों की जानकारी मिलने पर साइबर एवं थाना स्तर की संयुक्त टीम द्वारा मोबाइल बरामदगी हेतु निरंतर प्रयास किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कुल 118 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग 25 लाख रुपये) बरामद किए गए।

बरामद मोबाइल बिहार, मध्यप्रदेश, ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों—अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बालोद एवं धमतरी से संबंधित हैं। ये सभी मोबाइल वर्ष 2025-2026 के दौरान गुम/चोरी हुए थे।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक (रेल) रायपुर में विधिवत प्रक्रिया पूर्ण कर बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए। मोबाइल प्राप्त होने पर धारकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली तथा सभी ने रेल पुलिस की कार्यवाही की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

