छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग-एनएसयूआई ने राज्यपाल के नाम इन्हें सौंपा ज्ञापन

आरंग।प्रदेश मे छात्रसंघ चुनाव फिर से शुरू कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को छत्तीसगढ़ एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के निर्देशानुसार आरंग विधानसभा एनएसयूआई के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन शासकीय बद्री प्रसाद लोधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय आरंग के प्रभारी प्राचार्य को दिया गया।ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष अजीत कोसले ने कहा कि पिछले कई वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए हैं। इससे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव न कराकर छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे संगठन अब बर्दाश्त नहीं करेगा।छात्र संघ चुनाव केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह छात्रों के अधिकार, सम्मान और भागीदारी की बुनियाद है। इसके माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का अनुभव मिलता है। वर्तमान में चुनाव न होने से छात्रों की समस्याएं प्रशासन तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रही हैं।एनएसयूआई ने राज्य सरकार से मांग की है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए तत्काल चुनाव बहाली के निर्देश जारी किए जाएं। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।इस अवसर पर मुख्य रूप से विधानसभा उपाध्यक्ष महेंद्र बंजारे, महासचिव देवकुमार रात्रे, विवेक जलक्षत्री, अभिषेक, भोला चेलक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
विनोद गुप्ता-आरंग




