इस स्कूल में हुआ “थैंक्यू दीदी” सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन

आरंग।कल्पवृक्ष पब्लिक स्कूल परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय परिसर में “थैंक्यू दीदी” सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।इस अवसर पर विद्यालय की सम्माननीय आया दीदियों के समर्पण, सेवा-भाव एवं निरंतर सहयोग के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साह, श्रद्धा और आदर के साथ सहभागिता करते हुए पुष्प, अभिनंदन-पत्र (कार्ड), मिठाई एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर अपना स्नेह एवं आभार प्रकट किया। बच्चों की भावनात्मक एवं निश्छल अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बना दिया।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या नमिता राजपूत एवं वरिष्ठ शिक्षिका रूपा धीवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “Thank You” कहना केवल एक औपचारिक शब्द नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और मानवीय मूल्यों का अभिन्न अंग है।उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय के ये समर्पित सहयोगी प्रतिदिन निष्ठा, परिश्रम एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, जिससे विद्यालय की संपूर्ण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है। उनका योगदान प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय है।सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रत्येक व्यक्ति के कार्य एवं योगदान का सम्मान करने, कृतज्ञता व्यक्त करने तथा जीवन में विनम्रता एवं संवेदनशीलता को अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग


