वेतन भुगतान हेतु 142 लाख की राशि जारी, विधायक सिन्हा का कर्मचारियों ने किया सम्मान

महासमुन्द।
नगर पालिका परिषद महासमुन्द के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों के तीन माह से लंबित वेतन भुगतान के लिए राज्य सरकार ने 142 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। इस पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने गुलदस्ता भेंट कर सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचन्द राठी, विधायक प्रतिनिधि हफीज कुरैशी के साथ कर्मचारी संघ का दल विधायक कार्यालय पहुँचा। इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि उपाध्यक्ष राठी लगातार कर्मचारियों की समस्या से अवगत कराते रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव को स्थिति बताई गई, जिस पर तत्काल राशि स्वीकृत हुई।
विधायक सिन्हा ने कहा कि शासन ने कर्मचारियों की आर्थिक परेशानी को देखते हुए बड़ी राशि जारी की है, अब सभी नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों का 3 माह का भुगतान हो जाएगा। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि नगर पालिका को अपने आय के स्रोत बढ़ाने होंगे ताकि वेतन भुगतान के लिए शासन पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के नागरिकों के दैनिक और मूलभूत कार्यों में कोई शिकायत न आए तथा सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरे हों। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक सीधे पहुँचे, इस पर भी अधिकारियों और कर्मचारियों को ध्यान देने को कहा।
सम्मान कार्यक्रम में नगर पालिका कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुरेश तिवारी, लेखापाल यशवन्त देवांगन, दिलीप चन्द्राकर, करण यादव, नरेश ध्रुव, जितेन्द्र महन्ती, नीतेश पटेल और शुभम सोना सहित प्रतिनिधि मंडल उपस्थित था।