“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में उत्कृष्ट कार्य
महासमुंद के आवराडबरी निवासी ईश्वर प्रसाद साहू होंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि

महासमुंद।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले महासमुंद जिले के वन कार्यकर्ता श्री ईश्वर प्रसाद साहू को इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले, नई दिल्ली में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह सम्मान उन्हें केंद्र सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान 2024-25 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रदान किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ शासन के प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा राज्य से चयनित कार्यकर्ताओं की सूची मांगी गई थी। इसी क्रम में महासमुंद वनमंडल के अंतर्गत कार्यरत श्री ईश्वर प्रसाद साहू का चयन हुआ।
भीम पहाड़ी को बनाया हरित भूमि

श्री साहू ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत बागबाहरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत भीम पहाड़ी (खल्लारी माता क्षेत्र) को हरित बनाने का बीड़ा उठाया। वर्ष 2023 में इस पहाड़ी क्षेत्र को फाइंट हिल योजना के अंतर्गत चुना गया। उन्होंने स्थानीय श्रमिकों और स्वयंसेवकों के सहयोग से पहाड़ी की ढलान पर 147 गड्ढों में विभिन्न प्रजातियों के 63 पौधे रोपे।
रोपण में नीम, आम, करंज, बेल, बादाम, अर्जुन आदि पौधों का चयन किया गया। गर्मियों में भी पौधों को जीवित रखने हेतु ट्रॉली, डिब्बा और पाइपिंग सिस्टम से पानी की नियमित व्यवस्था की गई। साथ ही ट्राई-पाइप व ट्राई-गार्ड से सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

मॉडल के रूप में पहचान
आज इस क्षेत्र के पौधे औसतन 7 फीट ऊँचाई तक पहुंच चुके हैं और उनकी गोलाई 8 सेंटीमीटर के आसपास है। श्री साहू के इस सतत प्रयास को मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है, जो पहाड़ी व बंजर भूमि को हरियाली में बदलने की दिशा में प्रेरक उदाहरण बन गया है।

इस सम्मान के लिए चयनित होना केवल श्री साहू के लिए ही नहीं, बल्कि महासमुंद सहित छत्तीसगढ़ राज्य के लिए भी गर्व की बात है। लाल किले में उनकी उपस्थिति निश्चित रूप से प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेगी।