13 हजार किलोमीटर की धार्मिक साइकिल यात्रा पूरी कर लौटे ओमप्रकाश पटेल, नपा उपाध्यक्ष समेत जनप्रतिनिधियों ने किया भव्य स्वागत

महासमुन्द। समीपस्थ ग्राम नांदगांव के निवासी ओमप्रकाश पटेल ने 181 दिनों में करीब 13,000 किलोमीटर की लंबी साइकिल यात्रा पूरी कर शुक्रवार को महासमुंद लौटे। धार्मिक आस्था से प्रेरित होकर उन्होंने यह यात्रा 1 फरवरी 2025 को शुरू की थी, जिसमें अयोध्या, काशी, प्रयागराज समेत देश की कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए और दो ज्योतिर्लिंग की पूजा-अर्चना भी की।

नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, नेता प्रतिपक्ष नानू भाई, पार्षद माखन पटेल, पियुष साहू, चंद्रशेखर बेलदार, भाजपा नेता शरद मराठा एवं गौरव राठी ने ओमप्रकाश पटेल का फूलमालाओं से स्वागत किया और उनके अद्भुत साहस की सराहना की।

ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने यात्रा के लिए किसी सरकारी मदद का सहारा नहीं लिया। अपने साथ राशन, गद्दा, तकिया, और मोबाइल चार्जिंग के लिए सोलर पैनल भी स्वयं ही साइकिल पर लगाया था। पूरे सफर में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। यात्रा के दौरान मिले अनुभवों ने उन्हें आत्मविश्वास से भर दिया।

उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने इस मौके पर कहा कि, “ओमप्रकाश की यह यात्रा न केवल एक व्यक्तिगत धार्मिक साधना है, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। यह साहसिक निर्णय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। भगवान शिव का आशीर्वाद निश्चित रूप से ओमप्रकाश के साथ-साथ महासमुंद क्षेत्र को भी सुख-समृद्धि प्रदान करेगा।”
इस दौरान ओमप्रकाश के पिता मनवार पटेल को भी बधाई दी गई, जिन्होंने अपने 35 वर्षीय पुत्र को इस प्रेरणादायक यात्रा के लिए प्रोत्साहित किया।

