श्रावण में महादेव की पूजा अर्चना करना सौभाग्य की बात: विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा
महासमुंद में लगातार 10वें वर्ष हो रहा महारूद्राभिषेक का आयोजन

महासमुंद।
श्रावण मास के पावन अवसर पर महासमुंद के विशाल मेगा मार्ट परिसर में जारी महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पुण्य लाभ ले रहे हैं। यह आयोजन स्थानीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व में लगातार 10वें वर्ष संपन्न हो रहा है। प्रतिदिन वे स्वयं पूजा-अर्चना एवं आरती में शामिल होकर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
शुक्रवार को पूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा और भाजपा नेता प्रशांत श्रीवास्तव भी शामिल हुए। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा, “श्रावण का यह पवित्र महीना हमें भगवान महादेव की सेवा का सौभाग्य देता है। इस मास में की गई पूजा-अर्चना अत्यंत पुण्यदायी होती है।”

एक माह तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान
श्रावण मास की शुरुआत से लेकर पूर्णिमा तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे वेदी पूजन एवं पार्थिव शिवलिंग पर रुद्राभिषेक किया जाता है। दिन भर चलने वाले धार्मिक अनुष्ठान में पुरोहितों द्वारा महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जाता है, जिससे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। शाम के समय हवन पूजन के साथ आयोजन का समापन होता है।
भगवा ध्वजों से सजा शहर
श्रावण माह के स्वागत में शहर के मुख्य मार्गों सहित अन्य स्थानों को भगवा ध्वजों से सजाया गया है, जो श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बन गया है।
ग्रामीण अंचलों से भी पहुंच रहे श्रद्धालु
महासमुंद शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। प्रत्येक श्रावण सोमवार को श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष वितरण किया जाता है। आगामी सोमवार 28 जुलाई को भी रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा।