Blog

वार्षिकोत्सव में गांधी स्कूल ने गढ़ा संवेदनाओं का संसार-नई सोच, नई पहल से बनाइ अलग पहचान

वार्षिकोत्सव में गांधी स्कूल ने गढ़ा संवेदनाओं का संसार-नई सोच, नई पहल से बनाइ अलग पहचान

आरंग।गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल आरंग का वार्षिकोत्सव ” टहनियां – एक अनछुई संवेदना ” ने दर्शकों को झकझोर कर रख दिया। कार्यक्रम का थीम,प्रस्तुतीकरण शैली और आरंभ से अंत तक एक कहानी के रूप में प्रत्येक प्रस्तुति ने अपनी अद्वितीय पहचान बनाई है। बीज से भविष्य की यात्रा को भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ छोटे-छोटे बच्चों की – बीज, मिट्टी ,शिक्षा,भविष्य के रूप में सूत्रधार की भूमिका ने सबका दिल जीत लिया। वार्षिकोत्सव की शुरुआत आकर्षक “प्रकृति वंदना” से की गई जिसमें पंच- तत्वों के महत्व को दर्शाया गया।

“टहनियां” – सिर्फ एक थीम नहीं, अनछुई भावनाओं को जागृत करने की पहल बनी

इस वर्ष के वार्षिकोत्सव का केंद्र बिंदु रही थीम “टहनियां – एक अनछुई संवेदना” ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस विशेष प्रस्तुति के जरिए बच्चों ने यह संदेश दिया कि जिस तरह एक पेड़ की टहनियां उसकी पहचान और विस्तार होती हैं, उसी तरह हमारे बच्चे और हमारी संस्कृति समाज की वे टहनियां हैं जिन्हें सहेजने की आवश्यकता है।कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने बखूबी दर्शाया कि बढ़ता प्रदूषण और घटते जंगल भविष्य के लिए कितने खतरनाक हैं, मोबाइल की लत से बचपन कैसे गुम होता जा रहा है, इसे मार्मिक नाटकों के जरिए पेश किया गया साथ ही नालंदा , एकलव्य, पृथ्वीराज चौहान,आसरा, दिव्यांग,अरावली की पुकार , चंद्रशेखर आजाद, गणेश महिमा जैसे विषयों पर आधारित कार्यक्रमों ने राष्ट्र के वैभवशाली इतिहास और गौरवगाथाओं से वर्तमान पीढ़ी को रूबरू कराया गया। मंच पर जब छत्तीसगढ़ की माटी की महक बिखरी, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और देशप्रेम से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों में जोश भर दिया।”एलियन” के माध्यम से प्रस्तुत मोबाईल पर आधारित”माइम ” ने सबको खूब हंसाया।
भव्य मंच सज्जा और आकर्षक लाइटिंग ने बच्चों की प्रस्तुतियों में चार चांद लगा दिए, जिससे हर दृश्य जीवंत प्रतीत हो रहा था ।यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, नायब तहसीलदार गजानंद सिदार और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) दिनेश शर्मा के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्कूल के डायरेक्टर यशवंत कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शिक्षकों के द्वारा किए गए इस अनूठे प्रयोग (नवाचार) की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के बीजारोपण की जो मिसाल पेश की है, वह काबिले तारीफ है।

गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के डायरेक्टर यशवंत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संवेदनशील नागरिक बनाना है। ‘टहनियां’ थीम इसी दिशा में एक छोटा सा प्रयास था।आज के सफल कार्यक्रम का श्रेय विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक और छात्र -छात्राओं की मेहनत को जाता है जिन्होंने कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए काफी मेहनत की थी “

किन्नर समाज ” का किया गया सम्मान
वार्षिकोत्सव में किन्नरों के जीवन के विभिन्न रंगों को एक कार्यक्रम “अनंत ” के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति से सभी की आंखें छलक आईं। किन्नर समाज के सदस्यों को आमंत्रित कर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया जो कि सभी लिए भी अनुकरणीय कदम है।
विनोद गुप्ता-आरंग

Related Articles

Back to top button