महासमुंद में बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर ई-चालान की कार्रवाई तेज, पहले दिन 73 रिपीट ऑफेंडर्स पर कटा चालान

महासमुंद, 9 मार्च।महासमुंद शहर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर कैमरा आधारित ई-चालान की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में शहरवासियों से अपील की गई है कि सभी मिलकर महासमुंद को 100 प्रतिशत हेलमेट नियम का पालन करने वाला शहर बनाने में सहयोग करें।पुलिस के अनुसार शहर में लगाए गए कैमरों के माध्यम से लगातार बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की पहचान की जा रही है। फिलहाल प्रारंभिक चरण में केवल रिपीट ऑफेंडर्स पर ही ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।

ऐसे वाहन चालक जो तीन बार बिना हेलमेट कैमरे में कैद हुए हैं, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है।यातायात पुलिस ने बताया कि 8 मार्च से शुरू हुई इस कार्रवाई के पहले दिन 73 रिपीट ऑफेंडर्स का ई-चालान काटा गया है और यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। वहीं 12 मार्च से कैमरे में कैद सभी नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का ई-चालान जारी किया जाएगा।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि ई-चालान की जिम्मेदारी वाहन मालिक की होगी, इसलिए वाहन मालिक यह सुनिश्चित करें कि उनकी दोपहिया वाहन को जो भी चलाए वह हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाए।पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से जनजागरूकता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा है कि जनसहयोग से महासमुंद को अनुशासित बाइक चालकों का शहर बनाया जा सकता है।पुलिस विभाग के अनुसार जल्द ही सरायपाली, बसना और बागबाहरा में भी कैमरा आधारित ई-चालान की कार्रवाई शुरू की जाएगी।पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
