महासमुंद में चिंतामणि चंद्राकर उर्फ बुलू का निधन, पुलिस जांच जारी

महासमुंद। शहर में अपनी अलग पहचान रखने वाले चिंतामणि चंद्राकर उर्फ बुलू (56 वर्ष) का निधन हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिलीप चंद्राकर पिता बलदाऊ चंद्राकर (32 वर्ष), निवासी कुर्मीपारा वार्ड क्रमांक 17 महासमुंद, थाना पहुंचकर मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि उनके भाई चिंतामणि चंद्राकर उर्फ बुलू, पिता स्वर्गीय सरजू चंद्राकर, निवासी वार्ड क्रमांक 16 शीतला मंदिर के पीछे महासमुंद, ग्राम खट्टी में भागीरथी पटेल की दुकान के पास मृत अवस्था में मिले।
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि मृतक की मृत्यु डिहाइड्रेशन अथवा किसी बीमारी के कारण हुई हो सकती है। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
बताया जाता है कि बुलू शहर में अपने अलग अंदाज और ब्लूटूथ स्पीकर के साथ घूमने के कारण पहचाने जाते थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
