नशामुक्त भारत अभियान-बद्री प्रसाद लोधी कॉलेज व समोंदा स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त समाज की शपथ
आरंग।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी के स्मृति दिवस पर ‘नशामुक्त भारत अभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन आरंग स्थित बद्री प्रसाद कॉलेज तथा स्वामी आत्मानंद स्कूल, समोंदा में ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाते हुए संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ ने मिलकर नशामुक्त भारत बनाने की सामूहिक शपथ ली। साथ ही विद्यार्थियों ने स्वयं सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने और अपने परिवारजनों व मित्रों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराय।ब्रह्माकुमारीज मेडिकल विंग, राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन एवं ईश्वरीय विश्वविद्यालय के वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को नशे से दूर रखकर ही एक स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में संस्था की इस जन-जागरूकता पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग



