धमतरी : जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की अध्यक्षता में आमदी में हुआ स्वस्थ पंचायत सम्मेलन, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हुई चर्चा…

धमतरी/आमदी,19 फरवरी 2026। नगर पंचायत आमदी में मितानिन बहनों द्वारा स्वस्थ पंचायत सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने की, इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आमंत्रित कर क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी कमियों पर चर्चा की गई तथा आवश्यक जानकारी साझा की गई।
सम्मेलन में मितानिन बहनों ने स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही समस्याओं और कमियों को विस्तार से रखा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और उपस्थित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जहां-जहां कमियां हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए।
अपने संबोधन में श्री सार्वा ने कहा कि हमारे देश में मितानिन बहनें स्वास्थ्य सेवा की मजबूत कड़ी हैं। गर्भवती महिलाओं को उचित पोषण की जानकारी देने से लेकर प्रसव के दौरान सहयोग और प्रसव के बाद नवजात शिशु की देखभाल तक, वे एक मां की तरह जिम्मेदारी निभाती हैं। उन्होंने मितानिन बहनों के समर्पण और सेवा भावना को नमन करते हुए कहा कि वे दिन-रात समाज की सेवा में लगी रहती हैं।
इस अवसर पर सभापति महिला एवं बाल विकास तथा स्वच्छता विभाग एवं जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन, जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी भूमेश साहू, आमदी नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहू, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा समस्त मितानिन बहनें उपस्थित थीं।

