चलती डस्टर कार से उठा धुआं, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
मुख्यालय के व्यस्त मार्ग पर मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड ने पाया स्थिति पर काबू

महासमुंद। शहर के मुख्यालय स्थित Axis Bank के पास, श्रुति स्वीट्स के समीप शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती डस्टर कार के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। घटना मुख्य मार्ग पर होने के कारण कुछ ही पलों में वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार डस्टर क्रमांक CG04HJ 1670 के चालक भाजपा ग्रामीण मंडल पूर्व अध्यक्ष श्याम साकरकर अपनी गाड़ी से गुजर रहे थे, तभी अचानक बोनट से धुआं निकलता देख उन्होंने तत्परता दिखाते हुए वाहन को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने बिना घबराए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के बोनट से लगातार धुआं निकल रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने भी साहस दिखाते हुए तुरंत मदद की। पास में स्थित Axis Bank के फायर सेफ्टी सिस्टम का उपयोग करते हुए कार के बोनट पर प्रेशर फायर उपकरण से छिड़काव किया गया, जिससे धुएं की तीव्रता कुछ कम हुई।
घटना की सूचना तत्काल जिला फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए इंजन से निकल रहे धुएं पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं उठा हो सकता है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक योगेश्वर राजू सिंहा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चालक और स्थानीय लोगों से जानकारी ली तथा राहत कार्य में तत्परता दिखाने के लिए फायर ब्रिगेड टीम की सराहना की।
