पालतू कुत्ते के हमले में युवक गंभीर-थाने में शिकायत
आरंग। नगर के अटल विहार कॉलोनी में पालतू कुत्ते के हमले से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पीड़ित की पत्नी ने थाना आरंग में लिखित शिकायत देकर कुत्ता मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडब्ल्यूएस मकान क्रमांक 131 निवासी विजय गायकवाड 2 मई की रात करीब 9 बजे भोजन के बाद कॉलोनी के गार्डन में टहलने गए थे। इसी दौरान कॉलोनी निवासी प्रिया सोनवानी द्वारा घुमाए जा रहे पालतू कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने विजय के बाएं हाथ की कोहनी और गुप्तांग पर गंभीर रूप से काट लिया।घटना के बाद घायल अवस्था में विजय गायकवाड को पहले शासकीय अस्पताल आरंग ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर के निजी वी-केयर अस्पताल में रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज जारी है।पीड़िता श्रीमती विद्या गायकवाड ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कुत्ता मालिक द्वारा बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के पालतू कुत्ते को सार्वजनिक स्थान पर खुले में घुमाया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार मानसिक और आर्थिक परेशानी से गुजर रहा है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, कुत्ता मालिक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही जा रही है।
विनोद गुप्ता-आरंग



