कल 23 अक्टूबर को कोटवार करेंगे जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन-कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
आरंग। कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के आह्वान पर आगामी 23 अक्टूबर 2026 को प्रदेश भर के लगभग 16,000 कोटवार अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे तथा मुख्यमंत्री के नाम संबंधित जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपेंगे।इस संबंध में एसोसिएशन की आरंग तहसील शाखा ने अनुविभागीय अधिकारी (रा.) आरंग को आधिकारिक सूचना पत्र प्रेषित किया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व 3 जुलाई को भी प्रदेश भर की तहसीलों में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय कोटवारों की ज्वलंत समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की गई थी।एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय बाद भी उनकी गंभीर और मानवीय समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है, जिसके चलते कोटवारों में शासन-प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है। इसी परिप्रेक्ष्य में 9 अक्टूबर 2026 को प्रांतीय संघर्ष समिति की बैठक में निर्णय लेकर 23 अक्टूबर को जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन करने का फैसला किया गया।इसके साथ ही आरंग तहसील शाखा ने 23 अक्टूबर को तहसील क्षेत्र के सभी कोटवारों के सामूहिक अवकाश पर रहने की सूचना भी प्रशासन को दी है। इसकी प्रतिलिपि तहसीलदार आरंग तथा थाना प्रभारी आरंग को भी प्रेषित की गई है।
विनोद गुप्ता-आरंग



