पेंशनभोगियों को डाक विभाग की बड़ी सौगात-अब बैंक जाने की झंझट खत्म-मात्र ₹70 में बनाएगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
रायपुर | 31 अक्टूबर 2026 पेंशनभोगियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। अब जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंकों अथवा सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने और लंबी कतारों में खड़े रहने की बाध्यता समाप्त हो गई है। डाक विभाग एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के संयुक्त तत्वावधान में ‘डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) अभियान 5.0’ की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत पेंशनभोगी घर बैठे ही मात्र ₹70 के निर्धारित शुल्क पर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। इस जनकल्याणकारी पहल का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा अस्वस्थ पेंशनभोगियों को राहत पहुँचाना है, जिन्हें शारीरिक अस्वस्थता या उम्रदराज होने के कारण बैंक शाखाओं तक पहुँचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस व्यवस्था के तहत पेंशनभोगी को कहीं जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि क्षेत्र का डाकिया अथवा ग्रामीण डाक सेवक स्वयं पेंशनभोगी के घर पहुँचकर बायोमेट्रिक मशीन के जरिए आधार आधारित प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करेगा। सत्यापन होते ही डिजिटल प्रमाण पत्र तैयार होकर स्वतः संबंधित पेंशन वितरण प्रणाली में दर्ज हो जाएगा, जिससे कागजी झंझटों और समय की बर्बादी से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।डाक विभाग ने सभी पात्र पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते इस सुविधा का लाभ उठाएँ। इच्छुक पेंशनभोगी अपने नजदीकी डाकघर, क्षेत्र के डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक से संपर्क कर इस डोरस्टेप सेवा को प्राप्त कर सकते हैं। डाक विभाग और आईपीपीबी की यह साझा पहल वरिष्ठ नागरिकों को घर पर ही सुलभ एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विनोद गुप्ता-आरंग



