ब्रेकिंग-धर्मनगरी आरंग में बार खुलने की तैयारी-लाइसेंस जारी होने से मचा बवाल-जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में आक्रोश….
वार्ड क्रमांक 17 में प्रस्तावित बार को लेकर उठे सवाल, नगर पालिका अध्यक्ष ने एनओसी जारी होने को बताया जांच का विषय; 200 मीटर के दायरे में निर्माणाधीन है आत्मानंद विद्यालय
आरंग। मंदिरों और धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान रखने वाली धर्मनगरी आरंग में बार खोलने की तैयारी को लेकर विवाद गहराने लगा है। नगर के वार्ड क्रमांक 17 में बार संचालन के लिए 19 नवंबर 2026 को लाइसेंस जारी होने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच नाराजगी के स्वर उठने लगे हैं। धार्मिक नगरी की पहचान, सामाजिक वातावरण और शैक्षणिक संस्थानों की निकटता को लेकर इस फैसले पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
मार्च-अप्रैल में जारी हुआ था एनओसी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद आरंग द्वारा मार्च-अप्रैल माह में संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किया गया था। बताया जा रहा है कि इसके आधार पर आबकारी विभाग द्वारा एफएल-3 (डी) श्रेणी के स्टार होटल बार-रेस्टोरेंट संचालन का लाइसेंस भी जारी कर दिया गया है। हालांकि, शहर में बार खुलने की चर्चा के साथ ही स्थानीय स्तर पर विरोध की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी।
रायपुर के शराब व्यवसायी को मिला लाइसेंस
सूत्रों के मुताबिक, बार का लाइसेंस रायपुर के एक शराब व्यवसायी को आवंटित किया गया है। इसकी जानकारी सामने आने के बाद अब नगर में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नागरिकों का मानना है कि आरंग की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रतिष्ठान की स्थापना के सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने एनओसी पर उठाए सवाल
मामले में नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने बताया कि बार खोलने के संबंध में नगर पालिका परिषद अथवा पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) में किसी प्रकार का प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किया गया है। इसके बावजूद बार संचालन के लिए एनओसी जारी होना जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्षदों से चर्चा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
200 मीटर के दायरे में निर्माणाधीन आत्मानंद विद्यालय
इस पूरे मामले को और गंभीर बनाने वाला तथ्य यह है कि प्रस्तावित बार स्थल से लगभग 200 मीटर के दायरे में स्वामी आत्मानंद विद्यालय का भवन निर्माणाधीन है। ऐसे में विद्यालय की निकटता, विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण और संबंधित नियमों के अनुपालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष के बयान के बाद एनओसी जारी करने की प्रक्रिया और उसकी वैधानिकता को लेकर जांच की मांग महत्वपूर्ण हो गई है। अब देखना होगा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नागरिक इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं तथा प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
विनोद गुप्ता-आरंग





