बच्चा चोरी की अफवाह से मचा हड़कंप-पुलिस जांच में निकली मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला
आरंग। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-08 स्थित भालू पारा में बच्चा चोरी करने के संदेह में एक महिला को पकड़े जाने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर मोहल्लेवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बिना कोई जोखिम उठाए तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस टीम के हवाले संदिग्ध महिला को कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने महिला से पूछताछ शुरू की और उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों सहित नजदीकी गांवों में संपर्क कर जानकारी जुटाई। पुलिस की त्वरित जांच में सामने आया कि महिला बच्चा चोर नहीं है, बल्कि वह ग्राम अमेठी की निवासी है और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही है। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रात में ही उसे सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया। इस घटना के बाद मोहल्लेवासियों का संदेह निराधार साबित हुआ और क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने भी आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।
विनोद गुप्ता-आरंग





