सालों से अटकी पदोन्नति को लेकर शिक्षकों में आक्रोश-छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने संयुक्त संचालक को सौंपा ज्ञापन
आरंग। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू के नेतृत्व तथा संयोजक सुधीर प्रधान व प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेंद्र पारीक की विशेष उपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने लोक शिक्षण संभाग रायपुर के संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव से मुलाकात कर लंबित मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। देवनाथ साहू एवं हरीश दीवान ने बताया कि रायपुर संभाग में विगत कई वर्षों से पदोन्नति की प्रक्रिया लंबित होने के कारण शिक्षण संवर्ग में भारी आक्रोश व्याप्त है, क्योंकि प्रदेश के अन्य संभागों में कई बार पदोन्नति हो चुकी है, लेकिन यहां अधिकारियों की उदासीनता के चलते शिक्षक आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं। चर्चा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समय-सीमा निर्धारित कर सहायक शिक्षक से शिक्षक तथा शिक्षक से माध्यमिक शाला प्रधान पाठक के पदों पर शीघ्र पदोन्नति करने, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए शिक्षकों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने और शिक्षक ग्रंथपाल की पदोन्नति का प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजने की प्रमुख मांग रखी। इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री योगेश ठाकुर, जितेंद्र मिश्रा, श्रीमती अंजुम शेख, धमतरी जिलाध्यक्ष डॉ. भूषणलाल चंद्राकर, रायपुर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सोनकला, जिला पदाधिकारी अतुल शर्मा, कैलाश साहू, डॉ. आशीष नायक, डॉ. सी.एल. साहू सहित ब्लॉक अध्यक्ष गेवाराम नेताम, दिनेश साहू, हरीश दीवान और कविता आचार्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
विनोद गुप्ता-आरंग





