माटी से आसमान तक का सफर-आरंग के छोटे से गांव चपरीद का यह युवक बना इंडिगो में पायलट-माता-पिता ने कंधों पर सजाए एपॉलेट्स बैज
आरंग। मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत के दम पर आरंग विकासखंड के ग्राम चपरीद के होनहार युवा गुलशन कुमार मानिकपुरी ने इंडिगो एयरलाइंस में पायलट बनकर पूरे क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। श्रीमती भोगेश्वरी एवं गिरीश मानिकपुरी के सुपुत्र गुलशन ने वर्ष 2022 में हिंदुस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, चेन्नई से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद डीजीसीए की परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं, 200 घंटे की फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी कर कमर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) हासिल किया और इंडिगो में चयनित होकर एयरबस विमान उड़ाने की टाइप रेटिंग भी पूरी कर ली है। गुरुग्राम स्थित इंडिगो ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित समारोह में माता-पिता ने जब भावुक होकर बेटे के कंधों पर पायलट के एपॉलेट्स बैज लगाए, तो वर्षों के संघर्ष और परिवार के त्याग का सपना साकार हो उठा। आर्थिक चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य पर अडिग रहने वाले गुलशन अब जल्द ही कोलकाता एयरपोर्ट से अपनी पहली व्यावसायिक उड़ान भरेंगे, जिनकी इस ऐतिहासिक सफलता से ग्राम चपरीद सहित पूरे आरंग अंचल में हर्ष का माहौल है और वे ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग





