राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट में चमके आरंग के सितारे-रायपुर संभाग को बनाया चैंपियन
आरंग।स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शालेय बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में आरंग क्रिकेट क्लब के दो होनहार खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ियों ने रायपुर संभाग की टीम का नेतृत्व करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।बिलासपुर में आयोजित अंडर-14 बालक राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में जयंत माँझी ने रायपुर संभाग की कप्तानी/नेतृत्व करते हुए टीम को खिताबी जीत दिलाई। वहीं, राजनांदगांव में आयोजित अंडर-17 बालक राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में लक्ष्य चेलक ने रायपुर संभाग की अगुवाई करते हुए टीम को प्रथम स्थान पर पहुँचाया।खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने खुशी जाहिर करते हुए बताया, “जयंत माँझी और लक्ष्य चेलक प्रतिदिन पूरे समर्पण और लगन के साथ क्लब में पसीना बहाते हैं। मैदान पर घंटों अभ्यास करने से न सिर्फ उनके खेल में रोज निखार आ रहा है, बल्कि उनमें एक नया आत्मविश्वास और जोश भी देखने को मिलता है।” उन्होंने आगे विश्वास जताया कि जयंत और लक्ष्य की इस उपलब्धि से प्रेरित होकर क्लब के अन्य खिलाड़ी भी आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर नेतृत्व करते नजर आएंगे।आरंग क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों की इस दोहरी उपलब्धि पर आरंग युवा एवं खेल संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष अमन साहू, सचिव मनीष सोनकर, प्रशिक्षक अश्वनी रात्रे सहित क्लब के सभी सदस्यों और साथी खिलाड़ियों ने जयंत माँझी और लक्ष्य चेलक को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। नगर के खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विनोद गुप्ता-आरंग



